दीपक की बातें

Hindi Blogs Directory

Tuesday, July 9, 2013

तुम, मैं और उदासी

कोई कविता नहीं
कोई ग़ज़ल नहीं
तुम्हारे सिवा
जिंदगी में कोई पल नहीं

फिर ये उदासी
क्यों है तारी सी
जेहन पर छाई
एक खुमारी सी

तुमसे बात कर लूं तो
शायद थोड़ा सुकून आए
मगर कर नहीं पाता
तुम्हारा ख्याल रखता हूं!

मुझे पता है, तुम्हें भी
शायद मालूम होगा
ये उलझनें क्यूं हैं
क्यूं मुझे सुकून नहीं!

सोचता हूं तुम्हें बता दूं
फिर सोचता हूं तुम क्या सोचोगी
सोचता हूं तुम खुद समझ जाओ
​फिर सोचता हूं चलो ऐसे ही सही!

Wednesday, July 3, 2013

मेरे लिए तुम सपने ही हो

लाखों बार—बार तसल्ली मांगी
बार—बार अधिकार जताया
खुद की कितनी कसमें खायीं
और खुदा को याद दिलाया
पर इतना सा ना मैं समझा
आखिर तुम तो अपने ही हो
हां, मैं सपना देख रहा हूं
मेरे लिए तुम सपने ही हो

Sunday, June 30, 2013

ज़िंदगी! इतनी मेहरबान तो नहीं।

कुछ ख्यालात से
दोबारा गुजर जाने का मन करता है
कुछ गीत, कविताएं, कहानियां
दोबारा सुनना चाहता है दिल
जिंदगी के तमाम लम्हों को
दोबारा जी लेने की कसक उठती है
कुछ यादों से बार—बार
रूबरू होने की तमन्ना होती है
मगर उफ ये ज़िंदगी!
इतनी मेहरबान तो नहीं।

Saturday, June 22, 2013

गुजर जाता हूं

गुजर जाता हूं बहुत जल्दी से तुम्हारी राह से
कि तुम फिर मिल न जाओ इसलिए कतराता हूं
तुमसे मिलने के लिए कितने बहाने करता था
तुम्हारी गली तक आने को बेकरार रहता था
एक बार, दो बार, तीन बार, चार बार
और अनगिनत बार, जाने कितनी बार
मगर अब ये​ सिलसिला टूट चुका है
तुम तो वहीं हो, पर दिल अब रूठ चुका है
अब तो 10 किलोमीटर का अतिरिक्त फासला तय कर जाता हूं
सिर्फ तुम्हारी गली से बचने के लिए
जाने कहां—कहां से गुजर जाता हूं!

Wednesday, May 1, 2013

गुडनाइट मैसेज

उस रात मैं बहुत देर तक
इंतजार करता रहा
नौ बजे, फिर साढ़े नौ
और दस बजे तक
नहीं आया
तुम्हारा गुडनाइट मैसेज
मेरा ध्यान मोबाइल पर ही लगा था
सारे रास्ते
जेब से निकालकर चेक करता रहा
घर पहुंचकर खाना खाने बैठा
मगर हाथ बार—बार मोबाइल तक पहुंच जाता
दोस्तों ने हड़काया
साले, खाना तो ठीक से खा ले!
किताब लेकर पढ़ने बैठा
और आधे घंटे में दस बार इनबॉक्स टटोला
फिर झपकी आ गई
ख्वाब में तुम्हारा एसएमएस पढ़ रहा था
मुस्कुराया और सो गया
काश, मैं ख्वाब में ही रहता
क्योंकि सुबह तक नहीं आया था
तुम्हारा कल का गुडनाइट मैसेज!

Friday, March 22, 2013

मां और स्याह रातों की यादें

जुल्म की तमाम कहानियां
खुद की आंखों से देखी हुईं
तमाम स्याह रातों में
सिसकियां, सु​बकियां
बाप के थप्पड़ों की गूंज
मां का रोते हुए रात गुजार देना
खौफ, दहशत और गुस्से से
सहमता, टूटता मेरा बालमन
सुबह होते ही मां जैसे सब भूल जाती
किचन में कलछी की खन—खन
रात में जख्मी कलाइयां
हाथ पर बने लहू के धब्बे
और मां बना रही होतीं
पिताजी की फेवरिट सब्जी
इस राज को आज तक समझ नहीं पाया
मां की सहनशीलता थी या बाप का कायरपन
आज भी जब किसी घर से
'मर्दानगी' की आवाज आती है
मैं हर बार
​अंदर तक सुलग जाता हूं।

Wednesday, March 6, 2013

क्यों हार रहे हैं कंगारू

हैदराबाद टेस्ट हारने के बाद अचानक ऑस्ट्रेलियाई टीम की क्षमताओं पर सवाल उठने लगा है। हालांकि पिछले काफी समय से टीम में उठापटक चल रही है, लेकिन इस भारतीय दौरे कंगारू जितने कमजोर दिख रहे हैं, शायद पहले कभी नहीं दिखे। कंगारुओं के भारत के प्रदर्शन को अगर हाल ही अंग्रेजों के प्रदर्शन की रोशनी में रखकर देखें तो यह सवाल और मौजूं हो जाता है।  इंग्लैंड की टीम भारत को भारत की धरती पर पटखनी देकर गई थी।

एक विजेता की सबसे बड़ी खूबी यह होती है कि वह अपने विपक्षी की ताकत को ही उसकी कमजोरी बना दे। इंग्लैंड की टीम ने यही किया था। 'स्पिन का तोड़ स्पिन' के फॉर्मूले को अपनाकर अंग्रेजों ने भारत को बेबस कर दिया। इसके पीछे उनकी पूरी तैयारी थी। उन्होंने अपनी टीम में ग्रीम स्वान के साथ-साथ मोंटी पनेसर को भी शामिल किया था। इसके अलावा स्पिन खेलने की भी उन्होंने अच्छी-खासी प्रैक्टिस की थी। वहीं अगर कंगारुओं की टीम पर ध्यान दें तो उनके पास एक क्वॉलिटी स्पिनर की कमी है। हालांकि नाथन लियोन ने पहले मैच में अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन दूसरे मैच में उन्हें कप्तान क्लार्क की अदूरदर्शी रणनीति का शिकार होकर बाहर बैठना पड़ा। इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क की रणनीतिक गलतियों ने भी टीम का बेड़ा गर्क करने में अहम भूमिका निभाई। हैदराबाद टेस्ट में उनका टीम कांबिनेशन अजीब सा था। इसमें चार ओपनिंग बल्लेबाज थे, तीन ऑलराउंडर थे और जेवियर डोहार्थी जैसा स्पिनर था जो बरसों बाद वापसी कर रहा था।

डोहार्थी ने मैच में तीन विकेट तो लिए, लेकिन यह तीनों पुछल्ले बल्लेबाजों के थे। उनसे ज्यादा प्रभावी ग्लेन मैक्सवेल साबित हुए जिन्होंने मुरली विजय, धोनी, जडेजा और कोहली को आउट किया।
असल में देखा जाए तो यह ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ विडंबना ही है। आज तक वह कभी भी भारतीय धरती पर अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पाई। कुछ बड़े नामों के संन्यास के साथ कंगारुओं के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। माइकल हसी, रिकी पोंटिंग, हेडन जैसे खिलाड़ी जा चुके हैं। आने वाले नए खिलाड़ी प्रतिभावान तो हैं, लेकिन उनके सामने अभी खुद को जमाने की चुनौती है। कंगारू हमेशा से मारक क्षमता वाले रहे हैं और इस बार उनमें इसी मारक क्षमता का अभाव नजर आ रहा है।