दीपक की बातें

Hindi Blogs Directory

Monday, November 11, 2013

बासी कढ़ी कब तक उबालोगे रामू अंकल!

सत्या-2, डेढ़ स्टार
1998 में रामगोपाल वर्मा की फिल्म आई थी सत्या। इसने बॉलीवुड में गैंगस्टर आधारित फिल्मों के लिए एक नया ट्रेंड सेट किया। अब 2013 में रामू सत्या-2 लेकर आए हैं। पहली फिल्म की तुलना में यह फिल्म किसी त्रासदी की तरह है।
पिछली फिल्म की तरह इस बार भी मुंबई में सत्या (पुनीत सिंह रत्न) नाम का एक शख्स आता है। वह कौन है, कहां से आया है, उसका अतीत क्या है कोई नहीं जानता। वह अपने एक दोस्त नारा (अमृतायन) के यहां रुकता है और इसी बीच उसकी मुलाकात एक बड़े आदमी से होती है, जो उसे काम देता है। यहीं से सत्या अपने शातिर दिमाग का इस्तेमाल कर मुंबई पर राज करने के मिशन में लग जाता है। अपने मकसद में कामयाब होने के लिए वह खून बहाने से भी नहीं कतराता। क्या सत्या अपने मकसद में कामयाब होता है, यही फिल्म में बताया गया है।

लचर पटकथा
फिल्म की कहानी उलझी हुई और पटकथा बेहद लचर है। असल में इसमें तमाम आजमाए हुए फिल्मी फॉर्मूले हैं। फिल्म का हीरो अपनी कंपनी खड़ी कर मुंबई समेत पूरे राज्य पर राज करना चाहता है, लेकिन वह दिल का बेहद अच्छा है। गरीबों का मददगार है। हीरो सिस्टम के खिलाफ है। वह सरकारी अधिकारी को अच्छा-खास लेक्चर भी देता है। अमीरों को लूटता है और गरीबों में बांटता है, वगैरह। लॉजिक के लेवल पर भी ढेरों गलतियां है, कुछेक पर गौर फरमाएं हीरो अपने शहर से किसी को मारकर भागा था, लेकिन वहां की पुलिस उसे एक बार भी तलाश करने की कोशिश नहीं करती। साथ मुंबई पुलिस को इतना लाचार दिखाया गया है कि हंसी आती है। बिजनेसमैन से लेकर, पत्रकार, मुख्यमंत्री इतनी आसानी से मार दिए जाते हैं मानो कोई बाग से आम तोड़कर ले जा रहा हो।

अनजाने चेहरे
फिल्म की सबसे बड़ी कमजोरी है कि इसमें कोई भी जाना-पहचाना चेहरा नहीं है। एकमात्र चेहरा जिसे दर्शक थोड़ा पहचान सकते हैं, वह हैं महेश ठाकुर। फिल्म की दो हीरोइनें- अनाइका और आराधना गुप्ता, महज शो-पीस के तौर पर हैं। फिल्म में गाने अच्छे भी नहीं हैं और अनावश्यक ढंग से आकर फिल्म की रफ्तार रोकते हैं। अगर कुछ अच्छा है तो वह है सिनेमैटोग्राफी, वीएफएक्स का अच्छा इस्तेमाल दृश्यों को खूबसूरत बनाता है। मगर दर्शक सिर्फ सिनेमैटोग्राफी देखने तो जाएंगे नहीं। बहरहाल, मुख्य भूमिका में पुनीत सिंह रत्न ने जरूर बढि़या कोशिश की है। क्राइम फिल्मों में डायलॉग काफी मायने रखते हैं, लेकिन यहां डायलॉग भी दमदार नहीं हैं।

फाइनल पंच
कुल मिलाकर सत्या-२ वह कढ़ी है, जिसे रामगोपाल वर्मा समेत जाने कितने लोग उबाल चुके हैं। फिल्म का क्राइम बैकग्राउंड और ढेरों गालियां इसे फैमिली क्लास से दूर करती हैं। सत्या-2


के कमजोर होने का पूरा फायदा क्रिश-३ को मिलेगा, जो कि फैमिली एंटरटेनमेंट की कसौटी पर खरी उतरती है।

Tuesday, November 5, 2013

टेक्नोलॉजी और इमोशन का कॉम्बो क्रिश-3

साढ़े तीन स्टार
बेहतरीन टेक्नोलॉजी से रचे गाफिक्स दृश्य। हैरतअंगेज ताकतों से लबरेज सुपरहीरो और सुपरविलेन। बढिय़ा स्टंट सीन और ढेर सारे इमोशंस का तड़का। यह है क्रिश-३, भारतीय सुपरहीरो की सिरीज में नई पेशकश। इसमें बहुत कुछ ऐसा है जो अभी तक की भारतीय फिल्मों में नहीं दिखा है। फिल्म कोई मिल गया और क्रिश की कहानी को आगे बढ़ाती है।

कृष्णा अपने पापा रोहित (रितिक रोशन दोहरी भूमिका में) को डॉक्टर आर्या से बचाकर लाता है। इसके बाद वह अपनी पत्नी प्रिया (प्रियंका चोपड़ा) के साथ मुंबई में रहने लगता है। प्रिया टीवी जर्नलिस्ट है और कृष्णा किसी नौकरी में टिक नहीं पाता। वजह, जब भी कोई मुसीबत में फंसता है, वह ड्यूटी छोड़कर उसे बचाने चला जाता है। लोग उसकी सच्चाई से अनजान हैं, इसलिए उसे बार-बार नौकरी से निकाला जाता है। वहीं मुंबई से काफी दूर काल (विवेक ओबरॉय) अपनी ताकतों का बेजा इस्तेमाल कर मानवों और जानवरों के डीएनए से नई प्रजाति मानवर तैयार कर रहा है। उसके साथ है काया (कंगना राणावत) अपने प्रोजेक्ट के लिए पैसा जुटाने के मकसद से वह अलग-अलग देशों में खतरनाक बीमारियां फैलाता है। इसी कड़ी में उसका हमला भारत पर भी होता है, लेकिन क्या क्रिश उसके मंसूबों को कामयाब होने देगा? यही फिल्म की आगे की कहानी है।


ऐसे तो फिल्म की स्क्रीनप्ले में ढेरों खामियां हैं, लेकिन तकनीक और एक्शन से उन्हें ढंकने की कामयाब कोशिश की गई है। पर्दे पर दृश्यों का प्रस्तुतिकरण और विश्वसनीय है कि यह हैरान कर देता है। सबसे खास बात है कि फिल्म की रफ्तार कहीं धीमी नहीं पडऩे दी गई है। इस वजह से दर्शक अपनी सीट से हिल भी नहीं पाता। सुपरविलेन काल को जिस तरह से पेश किया गया है, वह निश्चित तौर पर सराहनीय है। सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड स्कोर भी अच्छा है। फिल्म का सबसे सशक्त पहलू है अभिनय। रितिक ने अपनी भूमिका में जान डाल दी है। बाप और बेटे की भूमिका निभाते हुए आप उनमें अंतर नहीं कर सकते। काल के रोल में विवेक ने एक नई शुरुआत की है। उनकी डायलॉग डिलीवरी और चेहरे के भाव लाजवाब हैं। वहीं प्रियंका ने भी मिले मौकों को जाया नहीं किया है, जबकि काया के रोल में कंगना अपने अभिनय के एक नए पहलू से परिचित कराती हैं।


इन सारी बातों के बावजूद यह नहीं कह सकते कि फिल्म में कमजोरियां नहीं हैं। कई पुराने फिल्मी फॉर्मूलों का इस्तेमाल किया गया है। जैसे- विलेन द्वारा हिरोइन का अपहरण। बेटे के लिए बाप की कुर्बानी। अच्छा बेटा-बुरा बेटा, वगैरह। इसके अलावा फिल्म कई दृश्यों को देखते हुए हॉलीवुड की कुछ साई-फाई फिल्मों की याद आती है। मसलन, विवेक का किरदार एक मशहूर हॉलीवुड सिरीज के किरदार की याद दिलाता है। रितिक जिस तरह तार से झूल रहे बच्चे को बचाता है उसे देखकर शक्तिमान सीरियल की याद आती है। फिल्म की सबसे बड़ी कमजोरी है, इसके गाने। हालांकि इन्हें बेहद खूबसूरती से पिक्चराइज किया गया है, लेकिन न संगीत में दम है और न गीत में। 


इस फिल्म की सबसे खास बात है कि यह फैमिली एंटरटेनमेंट की कसौटी पर खरी उतरती है। पहले से ही क्रिश के फैन बच्चों को यह फिल्म खासतौर से पसंद आएगी। 

Tuesday, October 29, 2013

कॉमेडी कम सस्पेंस-थ्रिलर वाला 'मिकी वायरस' !

Print
ढाई स्टार एक ऐसे वक्त में जब डबल मीनिंग डायलॉग्स और अश्लील चुटकुलों से सिनेमा में हास्य पैदा करने की कोशिश की जा रही है, मिकी वायरस टेक्नोलॉजी से हंसाने की कोशिश करती है। हालांकि एक सच यह भी है कि आंशिक रूप से ही सही, इस फिल्म में भी डबल मीनिंग डायलॉग्स हैं। फिल्म की कहानी है मिकी अरोड़ा नाम (मनीष पॉल) के युवक की। वह हैकर है और खाता-पीता अपनी दुनिया में मस्त है। उसकी दोस्ती भी एेसे ही बंदों है, जो हर वक्त कंप्यूटर की दुनिया में रहते हैं। इसी दौरान दिल्ली में कुछ हैकर्स की मौत हो जाती है। इस केस को सुलझाने के लिए एसएसपी सिद्धांत मिकी की मदद लेता है।

 इसी दौरान मिकी की जिंदगी में एक लड़की कामायनी (एली अवराम) आ जाती है। मिकी पुलिस की मदद कर रहा होता है, तभी एली की मौत हो जाती है। इसके बाद कई गुत्थियां मिकी के सामने आती हैं जिन्हें वह सुलझाता है। फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले अच्छे हैं। लेखक-निर्देशक सौरभ वर्मा ने अच्छा काम किया है। फिल्म हालांकि सिंगल ट्रैक पर चलती है, लेकिन ट्विस्ट और टन्र्स इसकी रोचकता बनाए रखते हैं। हालांकि पहले हाफ में कुछ सीन थोड़े उबाऊ लग सकते हैं, लेकिन दूसरे पार्ट में उन दृश्यों का महत्व समझ में आता है। फिल्म के पहले हॉफ के मुकाबले दूसरा हॉफ ज्यादा बेहतर है। यहां कहानी तेजी से भागती है और दर्शकों के सामने चौंकाने वाले राज खुलते हैं। मनीष पॉल ने मिकी के रूप में अच्छा अभिनय किया है। उन्हें देखकर कहीं से नहीं लगता कि उनकी यह पहली फिल्म है। टीवी होस्ट के तौर पर कैमरे से उनका पुराना याराना यहां उनके खूब काम आया है। वहीं इंस्पेक्टर भल्ला के रूप में वरुण बडोला ने अच्छा काम किया है।

मिकी की दोस्त चटनी के रूप में पूजा गुप्ता ने अपनी शरारतों से गुदगुदाने में कामयाबी हासिल की है। वहीं एली अवराम ने भी इस मौके को जाया नहीं किया है। हालांकि उनका रोल फिल्म के अंत तक तो नहीं रहता, लेकिन वह याद रहती हैं। पूरी फिल्म दिल्ली में शूट की गई है। यहां का माहौल कैमरे ने अच्छे से कैप्चर किया है। डायलॉग्स में दिल्ली में बोले जाने वाली भाषा और यूथ की लैंग्वेज इसे युवाओं के और करीब ले जाएगी। हालांकि अगर आप यह सोचकर जा रहे हैं कि मिकी वायरस प्योर कॉमेडी फिल्म है तो आपको निराशा होगी। इसमें कॉमेडी कम और सस्पेंस-थ्रिलर ज्यादा है। दूसरी चीज, फिल्म थोड़ी सी टेक्निकल है। सॉफ्टवेयर, हार्डवेयर, एन्क्रिप्ट, हैकिंग जैसे शब्दों से जिसका पाला न पड़ा हो, उसके लिए समझना मुश्किल होगी। युवाओं को ध्यान में रखकर बनाई है, इसलिए उन्हें पसंद आ सकती है।

Saturday, October 19, 2013

अभी हमें कई और 'शाहिद' चाहिए

4 स्टार
कुछ लोग ऐसे होते हैं, जो प्रासंगिकता के लिहाज से समय की सीमा से परे होते हैं। एक ऐसी ही शख्सियत थे शाहिद आजमी। मात्र 32 साल की उम्र में उस शख्स ने जिंदगी के कई रंग देख लिए थे। पेशे से वकील शाहिद की 2010 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी जिंदगी को परदे पर लेकर आए हैं हंसल मेहता, फिल्म 'शाहिद' में। कई फिल्म समारोहों में धूम मचाने और तारीफें बटोरने के बाद यह फिल्म अब सिनेमाघरों में लग चुकी है। फिल्म देखकर अहसास होता है कि हमें अभी और 'शाहिद' की जरूरत है, न सिर्फ फिल्म के तौर पर, बल्कि समाज में एक शख्सियत के तौर पर भी।


'शाहिद' कहानी है एक युवा की, जो आतंकवाद के झूठे मुकदमे में फंसे लोगों के केस लड़ता है। वजह, उसने खुद आतंकवादी होने के झूठ का दर्द भुगता है। नाजुक सी उम्र में वह आतंकियों के हत्थे चढ़ जाता है। कश्मीर में उसे आतंकी शिविर में ट्रेनिंग दी जाती है। वहां से किसी तरह भागकर वह मुंबई अपने घर पहुंचता है। घरवाले खुश हो जाते हैं, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं होता कि शाहिद का आना खुशी नहीं, मुसीबत का पैगाम है। आगे की कहानी शाहिद के ऊपर आतंकी होने के इल्जाम, उसकी सजा और फिर आतंक के झूठे मुकदमे में फंसे लोगों को छुड़ाने की मुहिम की है।


निर्देशक हंसल मेहता ने बहुत बारीक छानबीन के बाद शाहिद फिल्म बनाई है। वह पूरी तरह से बधाई के पात्र हैं। किसी की जिंदगी को परदे पर उतारना बेहद कठिन होता है, लेकिन शाहिद इस मामले में लाजवाब है। दृश्यों की बुनावट और उन्हें पेश करने का अंदाज उम्दा है। जेल के दृश्य, कोर्ट रूम के दृश्य, शाहिद के संघर्ष के दृश्य, सभी बेहद खूबसूरती से उभरे हैं। कैमरा एंगल के साथ भी सफल प्रयोग किए गए हैं। शाहिद की निजी जिंदगी के दोहरावों को भी बखूबी दर्शाया गया है।


राजकुमार यादव ने अभिनय की नई रेंज बना डाली है। वह शाहिद के रोल में पूरी तरह छा गए हैं। छोटी-छोटी भूमिकाओं में केके मेनन, तिग्मांशु धूलिया भी अपना असर डालते हैं। शाहिद की मां की भूमिका में बलजिंदर कौर, शाहिद के भाई बने मोहम्मद जीशान अयूब और उनकी पत्नी का रोल करने वाली प्रभलीन संधू, इस फिल्म के निहायत जरूरी हिस्से की तरह हैं।


आतंकवाद ने पूरी दुनिया को न भुलाने वाले जख्म दिए हैं। इसी के साथ इसने उन परिवारों को भी पीड़ा दी है, जिनके बच्चे आतंकवादी होने के झूठे मुकदमों में फंसा दिया गया। आज भी ऐसे बहुत से मामले मिल जाएंगे। बहरहाल, इस लाजवाब फिल्म को देखना तो बनता है भाई!

Saturday, October 12, 2013

रणक्षेत्र में हंसी की फुहार, वॉर छोड़ ना यार!

3 स्टार
हर किसी की दिलचस्पी होती है कि आखिर भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर क्या होता होगा? अभी तक कई फिल्मों में सीमा के हालात दिखाए गए हैं। अब लेखक-निर्देशक फराज हैदर इसी हालात को 'वॉर छोड़ ना यार' फिल्म में नए अंदाज में लेकर आए हैं। सीमा पर जवान, दोनों देशों की राजनीति, विदेशी हस्तक्षेप और मीडिया के रोल में कॉमेडी का तड़का लगाकर फराज ने काफी अच्छी कोशिश की है।
फिल्म में दिखाया गया है कि एक तरफ दोनों देशों की सियासत हमेशा यह दिखाने की कोशिश करती रहती है कि भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध बेहद पेचीदा हैं। वहीं सीमा पर दोनों देशों के जवान एक दूसरे के साथ अंत्याक्षरी खेलने और हंसी-मजाक में लगे रहते हैं। दोनों देशों के बीच तनाव का फायदा उठाकर अमेरिका और चीन इनमें युद्ध करवाना चाहते हैं।


फिल्म की कहानी और विषय में ताजगी है। हालांकि फराज अपनी यही काबिलियत निर्देशन में नहीं दोहरा पाते। फिल्म में कुछ दृश्य तो हंसी से भरपूर हैं, लेकिन कुछ जगहों पर कसावट की कमी साफ महसूस होती है। फिल्म में चीनी पदार्थों के बायकॉट का सीन जोडऩे का कोई तुक समझ नहीं आता। यह सिर्फ फिल्म की दिशा भटकाता है।
हालांकि उन्हें शुक्रगुजार होना चाहिए अपने अभिनेताओं का। भारतीय सेना के कैप्टन राज की भूमिका शरमन जोशी ने बेहद अच्छे से निभाई है। वहीं पाकिस्तानी आर्मी के कैप्टन कुरैशी के रोल में जावेद जाफरी भी अच्छे रहे हैं। दलीप ताहिल ने फिल्म में तिहरा रोल किया है। हालांकि सब पर भारी हैं पाकिस्तानी कमांडर बने संजय मिश्रा। वह जिस भी सीन में आते हैं छा जाते हैं। जर्नलिस्ट के रोल में सोहा अली खान भी ठीक हैं।


फिल्म में हास्य की फुहार तो है ही, साथ ही व्यंग्य का करारा वार भी किया गया है। पाकिस्तानी सिपाहियों में खाने को लेकर होने वाली तकरार, उन्हें मिलने वाले चीनी हथियारों का मौके पर फेल हो जाना, चीन और अमेरिका की बेवजह दखअंदाजी और दोनों देशों की कमजोर सियासत पर खूब चुटकी ली गई है। गीत और संगीत की ज्यादा गुंजाइश नहीं थी और न ही यह प्रभावी हैं। फिल्म के डायलॉग थोड़े और क्रिस्पी होते तो मजा बढ़ जाता।

(
  न्यूज़ टुडे में प्रकाशित)

Saturday, September 28, 2013

इस 'वॉर्निंग' से क्या संभलना!

2 स्टार
अक्सर थ्रिलर फिल्मों में दिखाया जाता है कि कुछ दोस्त साथ मस्ती करने निकलते हैं और वे मुसीबत में फंस जाते हैं। कभी टापू पर, कभी किसी भूतिया महल में तो कभी जंगल में। वॉर्निंग फिल्म में भी ऐसा ही कुछ होता है। सात दोस्त कई साल के बाद मिलते हैं। सभी मिलकर यॉट पर समुंदर की सैर करने की योजना बनाते हैं।

सात दोस्तों के अलावा याट पर एक छोटी सी बच्ची भी है, जिसका जन्मदिन वहां मनाया जाना है। सभी मस्ती कर रहे होते हैं कि अचानक एक हादसा होता है और सभी दोस्त एक के बाद अपनी जान गंवाते चले जाते हैं और आखिर में दो दोस्त बचते हैं।

फिल्म थ्रिलर है और थ्रीडी में है। इसके बावजूद यह रोमांच का अहसास नहीं जगा पाती। हालांकि निर्देशक ने पूरी कोशिश की है। फिल्म में ड्रामा और सस्पेंस की डोज डालने की पूरी कोशिश की है, लेकिन वे दर्शकों को चौंका नहीं पाते हैं। कुछ मामलों में तो पुराने फिल्मी फॉर्मूलों का ही इस्तेमाल कर लिया गया है।

दोस्तों की टोली, एक दोस्त का बेहद शरारती होना, एक और दोस्त का अतिमहत्वाकांक्षी होना और उसी की वजह से सबका मुसीबत में फंसना। यह चीजें हम पहले भी कई बार देख चुके हैं। हां, फिल्म में इस लिहाज से नयापन है कि पूरी फिल्म की शूटिंग समंदर में की गई है।

जहां तक अभिनय की बात है तो किसी के पास भी करने के लिए कुछ ज्यादा नहीं था। फिल्म पहले कुछ वक्त तक हल्के-फुल्के मूड में रहती है। इसके बाद फिर थ्रिलिंग पार्ट शुरू हो जाता है। ऐसे में सभी अभिनेताओं को लगभग प्रेडिक्टेबल अभिनय ही करना था। फिर भी सीमित मौकों के बीच सबने कुछ न कुछ करने की कोशिश की है।

समुंदर के अंदर शूट की गई फिल्म देखना चाहते हैं और समंदर में भीगी हसीनाएं देखना चाहते हैं तो आपके सामने यह फिल्म एक विकल्प हो सकती है। बाकी अगर बहुत ज्यादा उम्मीदें लेकर जा रहे हैं तो फिर आपकी उम्मीदों पर समंदर का पानी भी फिर सकता है।

Wednesday, September 25, 2013

इंसानी फितरतों और फरेबों का लंचबॉक्स

अपनी तमाम खूबियों से इतर लंचबॉक्स इंसानी फितरतों और फरेबों का लेखा-जोखा भी खूब अच्छे से पेश करती है। इसके सभी पात्रों की एक सी ही फितरत है। वह कुछ न कुछ छुपा रहा होता है। चाहे साजन फर्नांडिस हो, इला हो या फिर असलम शेख। हर किसी के अपने दर्द हैं, गम हैं और परेशानियां भी हैं, लेकिन साथ ही साथ उनका एक झूठ भी है। एक छल, एक फरेब की दुनिया रचते हैं ये सभी।

इला
शुरुआत इला से ही कर लेते हैं। पति को मनाने की कोशिश में जायकेदार खाना बनाती हैं। पेट के रास्ते दिल तक पहुंचने का जरिया तलाशती है। टिफिन खाली वापस आता है तो इला खुश होती है, लेकिन रात होते-होते पता चल जाता है कि गलती से टिफिन किसी और के पास पहुंच गया था। दूसरे दिन वह टिफिन वाले को रोकती नहीं। एक खत लिखकर डिब्बे में डाल देती है। फिर एक सिलसिला।
हकीकत में पति की उपेक्षा से नाखुश इला अफसाने में खुशी ढूंढने लगती है। पति से छुपा ले जाती है कि टिफिन किसी और के पास जा रहा है।

इला का पति
शायद इसकी वजह भी वाजिब है। आखिर उसका पति भी तो झूठा ही है। उसने ही इला से कहां बताया है कि उसका किसी और से अफेयर चल रहा है। वह तो इला है जो उसके कपड़ों से किसी पराई स्त्री की गंध पा लेती है। शायद इसी के बाद उसका मनोबल और बढ़ जाता है। साजन के साथ उसके खतों का सिलसिला भी। पति का फरेब, इला को फरेबी हो जाने का हौसला दे दे देता है।

असलम शेख
एक और पात्र असलम शेख, वह भी तो फरेबी ही है। नकली दस्तावेजों के आधार पर नौकरी पा लेता है। यहां भी जिसकी जगह लेनी है, उसका अटेंशन न मिलने पर खुद को अनाथ तक बता देता है। बाद में खुद ही अपनी अम्मी का जिक्र करके फंस भी जाता है। दावा करता है कि वह मेहनत करके अपने काम को पूरा सीखेगा, लेकिन गलतियों का अंबार खड़ा कर देता है।

साजन फर्नांडिस
और साजन फर्नांडिस, खुद से भागता है। दुनिया से भागता है। न किसी से मिलना न जुलना। तन्हाई का फरेब रच रखा है साजन ने। व्यक्तित्व के रूखेपन की खोल बनाकर उसमें खुद को छुपाना चाहता है। असलम को काम नहीं सिखाना चाहता। हालांकि उसकी पोल तब खुलती है, जब इला का खत उसके पास आता है। इसके बाद उसके व्यवहार में आते परिवर्तन साफ नजर आने लगते हैं। परतें खुलने लगती हैं। असलम के अनाथ होने की बात जानने के बाद वह उसके प्रति सहानुभूति से भर जाता है। उसे काम सिखाने लगता है। उसके साथ आने-जाने लगता है। अपने घर के पास खेलने वाले बच्चों से भी वह रुखाई से पेश आता है। असल में वह उनके पास जाना चाहता है, लेकिन वह खुद से खुल नहीं पाता। फरेब तो वह इला से भी करता है, जब उसे सहारे की जरूरत थी, दोस्त की जरूरत थी, उसे छोड़कर चला जाता है। वापस भी आता है तो तब, जब इस बात की गारंटी नहीं होती कि इला मिलेगी भी या नहीं।