दीपक की बातें

Hindi Blogs Directory

Tuesday, March 29, 2011

आखिरी मुलाकात


इंडिया-पाकिस्तान के बीच मैच हो और सचिन तेंदुलकर-शोएब अख्तर राइवलरी की चर्चा ना हो, ऐसा हो ही नहीं सकता अपनी टीमों के लिए दोनों ही आइकान. अगर सचिन को इंडिया में क्रिकेट के गॉड का दर्जा हासिल है तो शोएब अख्तर भी पाकिस्तान में किसी स्टार से कम नहीं हैं. अब बुधवार को होने वाले वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मैच में यह दोनों योद्धा आखिरी बार एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे. सचिन तेंदुलकर और शोएब अख्तर, एक रेकॉर्ड्स का बेताज बादशाह है तो दूसरा स्पीड का शहंशाह. क्रिकेट के मैदान पर दोनों की भिड़ंत के कई किस्से मशहूर हैं। जब-जब अख्तर ने जुबान से जंग का आगाज किया है, सचिन ने अपने बल्ले से जवाब दिया है. 2003 वर्ल्ड के दौरान सेंचुरियन के मैच को भूल सकता है भला. मैच से पहले शोएब अख्तर का बड़बोलापन और मैच में सचिन की धमाकेदार इनिंग्स. हिसाब चुकता और वर्ल्ड कप से पाकिस्तान का पत्ता साफ. यही सचिन का अंदाज रहा है. चुपचाप अपने विरोधी का कत्लेआम. कभी कलाई के सहारे शानदार फ्लिक, कभी घास छीलता कवर ड्राइव तो कभी बॉलर के पैरों के पास से निकलता स्ट्रेट ड्राइव. किसी मंझे हुए कलाकार की तरह वह अपनी इनिंग्स को एक मुकम्मल मुकाम तक पहुंचाते हैं. अपने करियर में सचिन ने सिर्फ रेकॉर्ड्स का पहाड़ ही नहीं खड़ा किया, बल्कि विरोधियों के दिलों में भी अपने लिए सम्मान पैदा किया. यहीं पर शोएब अख्तर पिछड़ जाते हैं. उनके टैलेंट, उनकी तेजी और विकेट टेकिंग एबिलिटी पर किसी को शक नहीं रहा है. जरा याद कीजिए, बाउंड्रीलाइन के करीब से लहराती जुल्फों और लयबद्ध एक्शन के साथ अख्तर का रनअप. करीब सौ मील की रफ्तार से बैट्समैन के कान करीब से सनसनाती हुई निकलती उनकी बॉल. फिर विकेट मिलने के बाद पक्षियों की तरह हाथ लहराते अख्तर का दौडऩा इस वर्ल्ड कप के बाद सिर्फ कैमरों में कैद होकर रह जाएगा. हालाँकि उनके करियर के कई निगेटिव प्वॉइंट्स भी रहे. उनकी तुनकमिजाजी, गुस्से और बदजुबानी ने वर्ल्ड क्रिकेट में उनके तमाम क्रिटिक पैदा कर दिए. यहां तक पाकिस्तान में भी उनके सपोर्टर्स का टोटा देखने को मिला है. टीम के साथियों से झगड़ा, डोपिंग का दाग, ड्रग्स का दंश हमेशा अख्तर का दामन दागदार करता रहा. इन सबके बावजूद हम तो यही कहेंगे, बहुत याद आओगे शोएब !


27 मार्च को i next के sunday issue में प्रकाशित

Wednesday, March 9, 2011

बीबीसी की याद में

बीबीसी, कई यादें जुडी हैं इस नाम के साथ। जब कल मुकुल सर के ज़रिये इस बात की जानकारी मिली कि बीबीसी हिंदी की एक सर्विस जारी रहेगी तो दिल को काफी तसल्ली मिली। हालाँकि संतोष तो तभी मिलेगा जब सभी सर्विस्सेस जारी होने की खुशखबरी मिलेगी।
खैर, जेहन में बीबीसी की कई बातें आज भी ताज़ा हैं। मैं छठी या सातवीं में पढता था। घर में बीबीसी खूब सुनी जाती थी। (अभी भी चाचा जी सुनते हैं ) शाम को साढ़े सात बजते ही रेडियो पर बीबीसी की सिंग्नेचर ट्यून बजती, और फिर आवाज आती, 'बीबीसी की तीसरी सभा में आपका स्वागत है, मैं मधुकर उपाध्याय, इस सभा .........पहले आप सुनिए अन्तराष्ट्रीय समाचार......और फिर जैसे ही समाचार ख़त्म होते, सिंग्नेचर ट्यून बजती और रेडियो से पहले मैं बोल उठता, 'आज कल' सच एक जूनून था। जैसे जैसे बड़ा होता गया ये जूनून एक मुकम्मल नशा बन गया। अचला शर्मा, रेहान फजल, ब्रजेश उपाध्याय, ममता गुप्ता, और भी कई नाम। मैं इन्हें सुनता और बाद में इनकी नक़ल करता। कहना गलत नहीं होगा कि पत्रकारिता में आने कि लगन यहीं से लगी....
ये तो बीते दिनों कि यादें है। अब तो कभी कभी ही बीबीसी सुन पता हूँ, मिस तो करता ही हूँ........

Tuesday, February 22, 2011

प्रियंका के खूबसूरत गुनाह


एक हसीना, सात खून, मगर चेहरे पर ज़रा भी शिकन नहीं। हर खून के साथ प्रियंका का हुस्न और भी निखरता गया। इसी तरह उनका अभिनय भी। आगे चलकर प्रियंका की बेहतरीन फिल्मो में शामिल होगी सात खून माफ़। जहाँ तक विशाल भरद्वाज की बात है तो, वह तो उस्ताद ही हैं। प्रियंका ने अपने रोल के साथ पूरी तरह से इंसाफ किया है। एक महिला की अधूरी ख्वाहिशों को उन्होंने बड़े ही शानदार तरीके से परदे पर उतारा है। सुजैना के रूप में हमारे सामने एक ऐसी महिला है जिसके पास खूब सारी दौलत , नौकर चाकर हैं, उसके हर हुक्म की तामील होती है। मगर फिर भी वह खुद को अधूरा महसूस करती है । एक जिद है। सपनो को लेकर उसके अन्दर एक तड़प वह। वह चाहती है कि कोई मिले उसे जो मोहब्बत के मतलब बताये, जिंदगी के सफ़र में उसका सहारा बने। मगर स्वार्थी पुरुषों की दुनिया में उसे हर बार निराश होना पड़ता है। अपने पात्र के हर अक्स को उभरने में प्रियंका सफल रही हैं। हर भाव की कसक उनके चेहरे पर साफ झलकती है। निश्चित तौर पर विशाल तारीफ़ के हक़दार हैं की उन्होंने प्रियंका से शानदार कम लिया है।


पहले भी वह ऐसी शानदार फिल्मे बना चुके हैं और आने वाले वक्त में कुछ और शानदार फिल्मे देखने को मिलेंगी, प्रियंका से भी, विशाल से भी...........

Sunday, December 5, 2010

हाँ हममें है दम

न्यूजीलैंड के साथ वन डे सीरीज शुरू होने के पहले जब भारतीय टीम की कप्तानी गौतम गंभीर के हाथों में दी गयी थी और ज्यादातर सीनियर्स को आराम दे दिया गया तो टीम अचानक से काफी कमजोर नजर आने लगी थी। लोगों के मन में यह बात थी कि क्या यह टीम किवी टीम का मुकाबला कर पायेगी। खासकर उस समय जबकि न्यूजीलैंड की टीम टेस्ट सिरीज हर चुकी थी। जाहिर सी बात थी कि किवी खिलाडियों के मन में वन डे मैचों में जीत हासिल कर बदला चुकाने कि भावना प्रबल रही होगी।
खाई ऐसा कुछ हुआ नहीं और गंभीर की अगुवाई में टीम ने बड़ी आसानी से न्यूजीलैंड की टीम को हार का स्वाद चखाया और सीरिज पर कब्ज़ा कर लिया। इस दौरान टीम का प्रदर्शन खासा अच्छा रहा। खुद कप्तान गंभीर ने मोर्चे से अगुवाई की और टीम को कहीं से भी सचिन, सहवाग, धोनी और दूसरे बड़े खिलाडियों की कमी महसूस नहीं होने दी। उनके अलावा विराट कोहली, युसूफ पठान, श्रीसंत, आर आश्विन और दूसरे खिलाडियों ने भी कहीं से निराश नहीं किया।
भारतीय टीम के युवाओं की यह जीत दिखाती है कि टीम अब पूरी तरह परिपक्व हो चुकी है। मुझे पिछले समय के दिन याद आते है। जब टीम पूरी तरह सचिन पर निर्भर हुआ करती थी। बाहर करते ही बल्लेबाजी धडाम हो जाया करती थी। अब टीम उस दुआर को काफी पीछे छोड़ चुकी है। यह ये दिखाता है कि हमारी युवा पीढ़ी कितनी मजबूत है। बढ़ो इंडिया वर्ल्ड कप जीत लो!

Friday, December 3, 2010

'शूल' के बहाने

अभी कुछ दिन पहले फिल्म 'शूल' देख रहा था। एक दृश्य में समर प्रताप बने मनोज बाजपाई के ऊपर गुंडे हमला करते हैं, वह अपनी बेटी को बचने कि कोशिश करता है, मगर उसकी बेटी घायल हो जाती है। गुंडों को मजा चखाने के बाद जब समर होश संभालता है तो अपनी घायल बेटी कि मदद के लिए पुकारता है। सैकड़ों की भीड़ में से कोई भी सामने नहीं आता। यह देखकर मुझे और मेरे सात फिल्म देख रहे बंधू को गुस्सा आता है। खैर वहां तो सब स्क्रिप्ट के मुताबिक सब कुछ था। मगर ऐसी घटना अगर हकीकत में हो तब भी क्या जनता इतनी असंवेदनशील रहेगी? क्या भीड़ से कोई भी किसी समर प्रताप की मदद करने के लिए आगे नहीं आएगा? ये सवाल चुभते हुए हो सकते हैं मगर हैं जायज। ज़रा सोचियेगा?

Thursday, November 4, 2010

बस 'एक' मौत !

सभी पन्ने छोड़ने के बाद मैं फिर से एजेंसी चेक कर रहा था। एक घटना की खबर पर नज़र पड़ी और मैंने अपने डेस्क इंचार्ज से पूछा सर इस खबर को लगवाकर पन्ना फिर से छुडवा दें? उन्होंने पूछा कितने लोग मारे गए हैं? मैंने कहा सर एक लोग! सुनकर सर ने कहा, छोडो यार, एक ही आदमी तो मरा है। बात आई गयी हो गयी।
घर लौटते हुए मेरी गली में कुछ रोना सुनाई दिया। मैंने एक आदमी से पूछा क्या हुआ? उसने कहा एक आदमी मर गया है। उसीके गम में सब लोग रो रहे हैं। मरने वाले की बीवी, अलग... बेटा अलग और दूसरे घर वाले अलग। उनकी तो दुनिया ही उजाड़ गई थी। मेरे दिमाग में अपने सर की बातें घूमने लगीं। 'एक ही आदमी तो मरा है...'

Tuesday, November 2, 2010

आफर्स कि बरसात है, जमकर लूटिये

दिवाली का त्यौहार छाया हुआ है। हर तरफ जगमग जगमग। पूरी जनता मस्त है। मार्केट में ढेर सारे आफ्फर्स ने भी आये हैं इन खुशियों में चार चाँद लगाने के लिए। वैसे इन दिनों मैं भी इसी तरह के एक आफर से परेशान हूँ। दरअसल पिछले दिनों मेरे मोबाइल का टैरिफ ख़त्म हो गया। अभी तक मैं पे पर सेकंड वाले प्लान के मुताबिक चल रहा था। सोचा अबकी कुछ नया आजमाते है। यही सोच कर मैंने कस्टमर केयर में फ़ोन लगाया। वो साहब तो फिर शुरू ही हो गया। ये आफर, वो आफर , न जाने कौन कौन से आफर। काफी देर तक सोचने के बाद मुझे एक प्लान जम गया और मैंने उसे ही आजमा लिया। अब ये और बात है कि फिर से मैं ये सोच सोच कर परेशान हूँ कि फलां आफर ज्यादा बढ़िया था।
वैसे सिर्फ मोबाइल ही क्यों। आफर का बाज़ार तो हर जगह सजा है। किसी गली कूचे में निकल जाइये बस बहार ही बहार । टीवी से लेकर मोबाइल, बर्तन, कपडा, हर जगह। कहीं १० परसेंट कि छूट है तो कहीं ५० परसेंट तक आफ । लूटने का पूरा मौका बिखरा पड़ा है। कैसी अजीब बात है ना कि तमाम कम्पनियां खुद को लुटवाने को तैयार बैठी है। आओ आओ हमें लूटो, लूट आफर, नोच खसोट के ले जाओ। और पब्लिक भी मौका ताड़े बैठे है। चलिए अच्छा है। वो लुटवा रहे हैं, आप भी लूटिये।