दीपक की बातें

Hindi Blogs Directory

Saturday, July 14, 2012

मौसम-ए-जुदाई में बरसात

मौसम-ए-जुदाई में जो बरसात हुई
भीगने हम भी जा पहुंचे छत पर लेकिन
स्वाद बूंदों का अबकी कुछ खारा सा लगा
तुम्हारे आंसू भी इसमें शामिल तो नहीं? 

पी गए हम इनको भी ग़म समझकर
भीगकर बैठे रहे बहुत देर तक ये सोचा
क्या पता इन बूंदों के बहाने
तुमने हमें सावन का कोई पैगाम भेजा हो







(ये पक्तियां भी लिखी गयीं) 

वो बाग़, वो शाख, वो गलियां सूनीं
तुम्हारे साथ जो कभी आबाद रहती थीं
अभी तो हम हैं और है ये तन्हाई
कहाँ कि बारिश, कौन सा बरसात का मौसम
-----------------------------

बरसते मौसम से ये गुज़ारिश मेरी
अबकी बरसे तो तरसता ना छोड़े
इतनी बूंदें आ जाएँ मेरे हिस्से में
कि हरा-भरा हो जाए विरह का मौसम

Monday, July 9, 2012

ज़िन्दगी में मौत

Courtesy: Google
कल ही किसी ने गोली मार दी
आधी रात को
लहू से लथपथ अपने जिस्म को लिए
मैं तड़पता रहा बहुत देर तक
तमाम हसीन परछाईयाँ गुजरी मेरी तरफ से
मगर हाथ में थीं उनके नंगी तलवारें
मदद नहीं मांगी मैंने
डर था,
जान बची है देखकर, वो मेरा गला रेत देंगी
मौत हर पल करीब आती जा रही थी
तभी अलार्म बजा और नींद खुल गयी
सुबह से सोच रहा हूँ
अभी ज़िन्दगी में कितनी मौत बाकी है

Sunday, July 1, 2012

आम का मौसम और तुम्हारी यादें

तस्वीर गूगल से साभार
वो पहली बारिश का सोंधापन
वो बाग़ में आमों का झुरमुट
पेड़ पर चढ़ना और डालियाँ हिलाना
फिर पूछना तुमसे,
क्या कोई पका आम गिरा है
कोई जवाब न मिलना
और तुम्हारा कच्चे आमों पर लट्टू होना
कच्ची उम्र की तमाम यादें
इंटर या बीए के साल की
जब पहली बार बेहाल हुए थे
हाँ-हाँ उसी साल की

बदलते मौसम में तुम्हारा मेरे गाँव आना
बरसती बूंदों सा मुझ पर छा जाना
और तुम्हारे जाते ही गाँव का मौसम बदल जाना
फिर अगले साल तक पहली बारिश का इंतज़ार
और पहली जून से ही मेरा बेचैन हो जाना
बीत चुके हैं बरसों तुम्हे आये मेरे गाँव में
पर यादों का मौसम आबाद है तुम्हारी यादों से
लगता है जैसे सब कल ही की तो बात है

कभी फुरसत निकालो, फिर आओ
मेरे गाँव का मौसम बदल जाओ
हमने भी कई आम के पेड़ लगाये हैं
उनकी शाखों पर झूमती तुम्हारी अदाएं है

Wednesday, June 27, 2012

पिंकियों का मुसीबत काल

Published in News Today

डिसक्लेमर- तमाम पिकिंयों से हार्दिक क्षमाप्रार्थना। आग्रह है कि इसे दिल पर ना लें, दिमाग से ही निबटा दें।

जबसे पता चला है कि 'पिंकी' महिला नहीं बल्कि पुरुष है, भारी मुसीबत खड़ी हो गई है। तमाम 'पिंकी' नाम की लड़कियों के ब्वॉयफ्रेंड उन्हें शक की निगाहों से देखने लगे हैं। बार-बार फोन करके और अन्य तरीकों से पुष्टि कर लेना चाहते हैं कि 'पिंकी' कहीं 'पिंका' तो नहीं। इन ब्वॉयफ्रेंडों का शक तब और गहरा होने लगता है जब उनकी 'पिंकी' नामक गर्लफ्रेंड दौड़ती नजर आती है। अपनी 'पिंकी' के चेहरे में उन्हें वही 'पिंकी' नजर आने लगती है जिसपर शक है कि वह 'पिंका' है। अगर ब्वॉयफ्रेंड अकेले फिल्म देखने के लिए बुलाता है और 'पिंकी' ना जाए तो ब्वॉयफ्रेंडों का शक और गहरा हो जा रहा है। एेसे में जिन ब्वॉयफ्रेंडों की गर्लफ्रेंडों का नाम 'पिंकी' है, उनके फ्रेंडों में भी यह बड़ी चर्चा का विषय है। भाई लोग अपने ही यार का मजाक उड़ाए डाल रहे हैं। अबे, देख लियो फिर मामला गड़बड़ ना हो जाए। अब बेचारे ब्वॉयफ्रेंड मुंह छुपाए घूम रहे हैं। एक भाई की गर्लफ्रेंड का नाम 'पिंकी' है। उसने अल्टीमेट उपनाम निकाला है अपनी गर्लफ्रेंड के लिए। किसी से इंट्रोडक्शन कराना हो तो कहता है, ये 'छुई-मुई' है।

लड़कों के परिजनों और प्रियजनों ने भी उन्हें चेतावनी दे डाली है। बेटा चाहे जो कर लेना पर किसी 'पिंकी' के चक्कर में ना पडऩा। बाद में लेने के देने पड़ जाएंगे, पता चला उधर 'पिंकी' मेडल और तमगे हासिल कर रही है और इधर तुम्हारा घर बर्बाद हो रहा है।

दिलचस्प बात यह है कि सिर्फ ब्वॉयफ्रेंड ही नहीं, तमाम पति भी अपनी 'पिंकी' नाम की पत्नियों का नए सिरे से निरीक्षण-परीक्षण करने में जुट गए हैं। संयोगवश एक जनाब मिल गए जिनकी पत्नी का नाम 'पिंकी' था। बेचारे बेहद मायूस से नजर आए। पूछने पर पता चला कि भाई मामला तो ओके टेस्टेड है कि 'पिंकी' ही है, लेकिन जब हाथ में बेलन होता है वह किसी भी पिंका से ज्यादा खतरनाक नजर आती है।

उधर इस सिचुएशन में बेचारी पिंकियां भी परेशान हैं। एक 'पिंकी' नामक लड़की अपनी सहेली से बात कर रही थी। क्या मुसीबत है यार। पता नहीं कहां से 'पिंकी' टपक पड़ी। अगर ब्वॉयफ्रेंड के साथ घूमते वक्त गलती से भी किसी लड़की की तरफ निगाह चली जाती है तो ब्वॉयफ्रेंड अजीब हरकतें करने लगता है। ब्वॉयफ्रेंड के साथ होते हुए किसी सहेली का फोन आ जाए तो भी मुसीबत। कितनी सफाई देनी पड़ती है। वह बताए जा रही है। पता है मैं इस बार अपने स्कू  ल के एथलेटिक्स इवेंट में पार्टिसिपेट करने वाली थी, लेकिन अब आइडिया ड्रॉप कर दिया है। ख्वामखाह कंट्रोवर्सी नहीं चाहती। बेचारी पिंकियां।

(Published in News Today)

Thursday, May 24, 2012


महंगाई बनी सौतन
 
झुलनी, नथुनी, कंगना सपना
सपना सैर सपाटा,
महंगाई को देखकर खुशियों ने कर ली जीवन से टाटा।

सजनी हैं हैरान सजनवा इतना पैसा पाते
फिर काहे को घर में चीजें थोड़ी-थोड़ी लाते
क्‍या कोई सौतनिया आ गई मेरे जीवन में?
सोचके उनके दिल में लग गया भारी कांटा।

सजना हैं हैरान, जुटाते तिनका-तिनका सामान
सह रहे झिड़की और अपमान
कितनी भी कंजूसी कर लें खर्च ना पूरा पड़ता
घरवाली के नखरे जैसी बढ़ती ये महंगाई

इसी बीच पत्‍नी ने आकर आशंका जतलाई
क्‍योंजी पैसा कहां खरचते, घर में चीज एक ना आई
सुनकर ये बातें सजना ने पीट लिया है माथा
तुम्‍हें नहीं मालूम है कितनी बढ़ गई महंगाई?

रोज-रोज तो दाम हैं बढ़ते, पर ना कमाई बढ़ती
100 रुपए में भी अब तो सब्‍जी कम ही चढ़ती
तुम्‍हीं बताओ इतने पैसे में मैं कितना ला पाता
कहते-कहते भैया जी को आने लगी रुलाई

सुनकर सबसे पहले तो पत्‍नी थोड़ा सा मुस्‍काई
पतिदेव के समझ में लेकिन बात नहीं ये आई
मैं नाहक शक कर बैठी तुमपर, सोचा कोई सौतन है
पर इस युग में तो मेरी सौत बनी महंगाई

कार्टून- साभार
 

Wednesday, May 9, 2012

बारिश और 'मिनी मुंबई' में मैजिक का सफर


रीगल टू एलआईजी वाया पलासिया

बारिश मिजाज पर बहुत असर डालती है। आसमान से बूंदें जब जिस्म पर गिरती हैं तो वाकई मिजाज खुश हो जाता है। लेकिन जैसे ही यह बूदें जमीन पर गिरकर कीचड़ बनाती हैं सारा मिजाज बेकार हो जाता है। कल शाम की बारिश ने भी शहर के साथ-साथ मेरे मिजाज पर असर डाला। करीब चार बजे से शुरू हुआ गरज-चमक का सिलसिला बूंदा-बांदी और फिर मूसलाधार बारिश में तब्दील हो गया। अपने कमरे में अनमना सा बैठा मैं बारिश रुकने का इंतजार कर रहा था, ताकि बाहर निकलकर कुछ घूम-घाम सकूं। हालांकि बारिश के बाद अफरा-तफरी और फिर कीचड़ के चलते थोड़ी हिचक भी हो रही थी। फिर कहीं पढ़ी एक लाइन याद आई कि बारिश किसी शहर की 'औकात' बता देती है।
इस बहाने को हथियार बनाकर मैंने नासाज तबियत को थोड़ा तसल्ली दी और निकल पड़े 'मिनी मुंबई' की पड़ताल करने।

निकलते ही कदम कीचड़ में
सिख मोहल्ला से निकलकर पलासिया के लिए मैजिक पकडऩे की प्लानिंग बनाई। मगर गली में कीचड़ देख मूड बिगड़ गया। सिर मुड़ाते ही ओले की जगह कदम निकालते ही कीचड़ में पांव की कहावत बन गई। खैर, इनसे जूझते गुरुद्वारे के करीब पहुंचे और खुशकिस्मती से तुरंत ही मैजिक मिल भी गई। इस बीच जगह-जगह जमा पानी और गाडिय़ों की बेतरतीबी देख अंदाजा हो गया कि सफर आसान नहीं होने वाला।

दुनिया की चिंता मैजिक में बैठकर
अभी मैजिक गांधी हॉल के करीब पहुंची थी कि बारिश तेज हो गई। हाथ बाहर निकालकर चखने की कोशिश की, मगर वो स्वाद नहीं मिला। बाहर बरसात और मैजिक में बातों की बारिश हो रही थी। एक अम्मा जी की चिंता जायज थी- चलो भगवान सबकी सुनता है। बरसात हो गई अब पानी की समस्या कुछ सुलझेगी। मगर इसके काउंटर में जो समस्या आई वह ज्यादा चिंताजनक थी। मैजिक में ही बैठे एक सज्जन ने सवाल उठाया, मगर उन किसानों का क्या जिनकी फसल बर्बाद हो जाएगी। फिर इसका असर गेहूं के दाम पर भी तो पड़ेगा। अचानक महंगाई का दानव और प्रबल होता दिखा और जिस बारिश का मैं लुत्फ उठाना चाह रहा था वह विलेन नजर आने लगी।

बदहाल ट्रैफिक, बेहाल लोग
शनिवार की शाम बारिश ने कईयों का मजा किरकिरा किया। ऑफिस से जल्दी घर जाकर फैमिली के साथ आउटिंग का प्लान भी फेल हुआ। वहीं बारिश के चलते ट्रैफिक भी बदहाल नजर आया। जगह-जगह पानी भर जाने से भी लोग परेशान हाल रहे। टीआई के आस-पास, छप्पन और पलासिया में सड़कों किनारे लगे पानी के चलते मुश्किलें थीं। जिनके पास अपने वाहन थे, वह भी और जो पब्लिक कनवेंस के भरोसे थे वह भी बेहाल। किसी भी तरह अपनी मंजिल तक पहुंचाने वाले वाहन पर लद जाने की बेकरारी और अफरातफरी दिखी।

'सिचुएशनल' गाली
पलासिया में मैंने एलआईजी के लिए मैजिक बदली, मगर हालात नहीं बदले। बाहर बरसात कभी कम तो कभी तेज हो रही थी। ऐसे में विजयनगर और देवास नाका जाने वालों की बेचैनी समझी जा रही थी। महिला सवारियों की हालत और मुश्किल थी। पलासिया से एलआईजी के बीच ऐसी सवारियां दिखीं। अपोलो के सामने एक बंदे ने परदेसीपुरा के लिए पूछा और जब मैजिक वाले ने विजयनगर बताया तो उसके मुंह से निकली गाली पूरी तरह सिचुएशनल थी। अभी तक सिनेमा में सबकुछ सिचुएशनल देखने की आदत रही, रियल लाइफ में यह अनुभव दिलचस्प रहा।

'मिनी मुंबई' की क्या औकात
खैर, मेरा सफर तो एलआईजी तक ही रहा, लेकिन मैजिक से बाहर निकलते ही जोरदार बारिश ने मेरा इस्तकबाल किया। अब तक अंदर बैठकर जिस नजारे का मैं लुत्फ उठा रहा था, अब उसका भुक्तभोगी था। वैसे मैं अकेले कहां था, तमाम लोग भीग रहे थे। कुछ शौकिया तो कुछ मजबूरन।
अपनी मंजिल की तरफ बढ़ते हुए मैं सोच रहा था, किस बात की 'मिनी मुंबई' यार! वही कीचड़, वही खराब ड्रेनेज सिस्टम। जब मेन रोड का यह हाल है तो अंदर की गलियों की बदहाली का आलम क्या होगा? तभी याद आया, बारिश में तो मुंबई भी बेहाल हो जाती है, फिर 'मिनी मुंबई' की क्या औकात?

Published in News Today on 6th May 2012

Sunday, May 6, 2012

बोलो साथी

बोलो साथी
तुम बिन जीना मुश्किल कैसे मर जाना आसान है क्यूँ
मिलने में बरसों लग जाते छुट जाना आसान है क्यूँ
बोलो साथी

बोलो साथी कैसे हैं ये मेल-मिलाप, जुडन-बिछुड़न
साथ हो तो सब अपने लगते दूर हो तो सब अनजान हैं क्यूँ 

बोलो साथी
हम-तुम सपनों की नगरी में कितनी बातें करते हैं
हाथों में हाथों को थामे मीलों चलते रहते हैं
मगर हकीकत की दुनिया में ये सब नाफरमान है क्यूँ
बोलो साथी

एक हमारे दिल हैं, धड़कन, जज्बातों में भाव हैं एक
एक हमारा नाता-रिश्ता, दिल भी एक, चाह भी एक
दो जिस्मों में एक ही दिल है, फिर हम दो इंसान हैं क्यूँ
बोलो साथी

इश्क तुम्हारा इश्क है मेरा, जान तुम्हारी मेरी जान
आँखों में तेरा चेहरा है, कानो में तेरी ही बात
सांसों में तेरी ही सांसें, फिर अलग-अलग पहचान है क्यूँ
बोलो साथी




Deepak Mishra